ईरान ने संयुक्त राष्ट्रसंघ से आतंकवाद के विरुद्ध गंभीरता से कार्यवाही करने की मांग की है।
संयुक्त राष्ट्रसंघ में ईरान के स्थाई प्रतिनिधि ने यमन में ईरानी राजदूत के निवास स्थल के निकट होने वाले विस्फोट की निंदा करते हुए बढ़ती आतंकवादी कार्यवाहियों के विरुद्ध गंभीरता से क़दम उठाए जाने की मांग की है। हुसैन देहक़ानी ने सनआ में की जाने वाली आतंकवादी कार्यवाही की तत्काल जांच करके दोषियों को दंडित कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि आतंकवादी गुटों की आर्थिक सहायता को रोका जाना चाहिए। उन्होंने संयुक्त राष्ट्रसंघ के महासचिव को भेजे पत्र में दिन प्रतिदिन बढ़ती आतंकवादी घटनाओं को रुकवाने के लिए राष्ट्रसंघ से यथाशीघ्र कार्यवाही करने की मांग की।
संयुक्त राष्ट्र संघ में ईरान के स्थाई प्रतिनिधि ने अपने पत्र में लिखा है कि यह पहली बार नहीं है जब आतंकवादियों ने यमन में ईरानी कूटनयिकों या उनके निवास स्थल को लक्ष्य बनाया है। पत्र में विस्फोट के ज़िम्मेदारों के विरुद्ध तत्कालीन कार्यवाही की मांग की गई है। उल्लेखनीय है कि बुधवार की सुबह यमन की राजधानी सनआ में ईरान के राजदूत के निवास स्थल के निकट हुए विस्फोट में 3 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए थे। अंसारुश्शरीआ नामक आतंकवादी गुट ने बुधवार को हुए इस बम विस्फोट की ज़िम्मेदारी स्वीकार की है।
4 दिसंबर 2014 - 20:07
समाचार कोड: 656008
ईरान ने संयुक्त राष्ट्रसंघ से आतंकवाद के विरुद्ध गंभीरता से कार्यवाही करने की मांग की है।